
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत मंगल पांडे की जयंती पर रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सहित अनेक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को स्मरण किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर योद्धा, अदम्य साहस और देशभक्ति के प्रतीक वीर मंगल पांडे को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि 29 मार्च 1857 को बैरकपुर छावनी में मंगल पांडे के साहस और देशप्रेम ने भारतीय इतिहास में ऐसा निर्णायक क्षण रचा, जिसने विदेशी शासन की नींव हिला दी और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान आने वाले दशकों तक असंख्य क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहा और आज भी उनका जीवन करोड़ों भारतीयों में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगल पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महान क्रांतिकारी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके साहसिक जीवन पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत उनकी शौर्यगाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विदेशी शासन के विरुद्ध क्रांति का आह्वान कर वीर मंगल पांडे ने पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाई और अनगिनत देशवासियों को मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि उनका त्याग, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि क्रांतिकारी नायक वीर मंगल पांडे ने 1857 की क्रांति का बिगुल फूंककर देश में जनचेतना का संचार किया। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए मंगल पांडे ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष किया तथा भारत माता को औपनिवेशिक दमन और अन्याय से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके बलिदान से प्रज्ज्वलित हुई क्रांति की चिंगारी आगे चलकर स्वतंत्रता की प्रचंड ज्वाला में परिवर्तित हुई।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी वीर मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि वे आजादी की लड़ाई के अग्रणी योद्धाओं में से एक थे, जिनका त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी