
गुवाहाटी, 19 जुलाई (हि.स.)। असम प्रीमियर लीग (एपीएल) 2026 की नीलामी में मार्की खिलाड़ी श्रेणी के दौरान दिनेश दास सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे। रविवार को गुवाहाटी में हुई नीलामी में बारपेटा ब्रेव्स ने उन्हें 12.60 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
मार्की खिलाड़ियों की सूची में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी सुमित घाडीगांवकर रहे, जिन्हें चराइदेवो सनराइजर्स ने 12.20 लाख रुपये में खरीदा। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज सिबसंकर रॉय को बाराक लीजेंड्स ने 12 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा।
इसके अलावा आयुष्मान मलाकर और स्वरूपम पुरकायस्थ भी शीर्ष पांच महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे। तेजपुर टाइटंस ने आयुष्मान मलाकर को 11.80 लाख रुपये में खरीदा, जबकि जोरहाट स्टैलियंस ने स्वरूपम पुरकायस्थ को भी 11.80 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
मार्की खिलाड़ी श्रेणी की नीलामी में फ्रेंचाइज़ियों के बीच असम के प्रमुख घरेलू क्रिकेटरों को अपने साथ जोड़ने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। आगामी सत्र के लिए मजबूत टीम बनाने की दिशा में सभी टीमों ने शुरुआती दौर में ही बड़ी बोली लगाई।
अन्य प्रमुख खरीद में बाराक लीजेंड्स ने अब्दुल अजीज कुरैशी को 8.40 लाख रुपये और भार्गव लखार को 5.20 लाख रुपये में खरीदा। वहीं बारपेटा ब्रेव्स ने सौरव डिहिंगिया को 7.80 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने साहिल जैन को 7.20 लाख रुपये और जीतुमोनी कलिता को 6.20 लाख रुपये में खरीदा।
मार्की खिलाड़ियों की नीलामी के साथ असम प्रीमियर लीग 2026 के लिए टीमों के गठन की प्रक्रिया की शानदार शुरुआत हुई। अब नीलामी के अगले चरण में फ्रेंचाइज़ियां अन्य खिलाड़ियों को शामिल कर संतुलित और मजबूत टीम तैयार करने पर ध्यान देंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे