
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला हॉकी टीमें उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन के इरादे से मैदान में उतरेंगी। ओमान के मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक होने वाला यह टूर्नामेंट उद्घाटन एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी होगा।
इस प्रतियोगिता में एशिया की उभरती हुई सर्वश्रेष्ठ टीमें हिस्सा लेंगी और महाद्वीपीय खिताब के साथ विश्व कप का टिकट हासिल करने के लिए मुकाबला करेंगी।
सरदार सिंह की कोचिंग में उतरेगी पुरुष टीम
सरदार सिंह के मार्गदर्शन में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम हाल ही में अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है। भारत ने फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया था। टीम को एलीट पूल में मेजबान ओमान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ रखा गया है।
रानी के नेतृत्व में महिला टीम भी तैयार
पूर्व भारतीय कप्तान रानी की कोचिंग में भारतीय सब-जूनियर महिला टीम भी प्रतियोगिता में चुनौती पेश करेगी। यह टीम अंडर-18 महिला एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीत चुकी है। महिला टीम को एलीट पूल में चीन, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान के साथ रखा गया है।
20 जुलाई से शुरू होगा भारत का अभियान
भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 जुलाई को करेगा। महिला टीम पहले कजाकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि पुरुष टीम शाम को बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।
इसके बाद पुरुष टीम 21 जुलाई को ओमान और पाकिस्तान का सामना करेगी तथा 23 और 24 जुलाई को इन्हीं टीमों के खिलाफ वापसी मुकाबले खेलेगी। महिला टीम 21 जुलाई को चीन और उज्बेकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि 23 जुलाई को दोबारा कजाकिस्तान और 24 जुलाई को चीन तथा उज्बेकिस्तान के खिलाफ वापसी मैच खेलेगी। वर्गीकरण मुकाबले 25 जुलाई को होंगे।
टूर्नामेंट में एलीट पूल के मुकाबले डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेले जाएंगे। लीग चरण की शीर्ष दो टीमें सीधे स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचेंगी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम कांस्य पदक मुकाबले के लिए क्वालीफाई करेगी।
भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने कहा, अंडर-18 एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के दम पर खिलाड़ियों ने यह अवसर हासिल किया है। खिताब जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है, लेकिन हॉकी5एस तेज गति और त्वरित निर्णय लेने वाला प्रारूप है। खिलाड़ियों ने अच्छी तैयारी की है। हमारा लक्ष्य अपनी योजनाओं को सही ढंग से लागू करना, निरंतरता बनाए रखना और उद्घाटन एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना है। हमें एशिया की सर्वश्रेष्ठ युवा टीमों के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व करने का इंतजार है।
महिला टीम की मुख्य कोच रानी ने कहा, यह टूर्नामेंट हमारी युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर है। अंडर-18 एशिया कप से टीम को काफी अनुभव मिला है और हमने तेज गति वाले हॉकी5एस प्रारूप के अनुसार अच्छी तैयारी की है। खिलाड़ी पूरी तरह उत्साहित हैं और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं। हमारा उद्देश्य निडर हॉकी खेलना, लगातार बेहतर प्रदर्शन करना और उद्घाटन एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए क्वालीफाई करते हुए देश का नाम रोशन करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे