मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय विद्युत मंत्री से की भेंट,जुलाई-अगस्त के लिए अतिरिक्त बिजली मांगी, ऊर्जा परियोजनाओं पर की चर्चा

युगवार्ता    19-Jul-2026
Total Views |
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नई दिल्ली में  केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करते हुए।


देहरादून, 19 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं, जलविद्युत एवं पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) और पिटकुल की एशियाई विकास बैंक (एडीबी) सहायतित पारेषण परियोजना सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने राज्य की बढ़ती बिजली मांग और संभावित कम जलविद्युत उत्पादन का हवाला देते हुए केंद्रीय पूल से जुलाई 2026 की शेष अवधि के लिए 150 मेगावाट और अगस्त 2026 के लिए 200 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि एल-नीनो की संभावित परिस्थितियों, वर्षा में कमी और जलाशयों में कम जलागम के कारण जलविद्युत उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जबकि चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली की मांग बढ़ने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को पूर्वोत्तर राज्यों की तर्ज पर जलविद्युत परियोजनाओं के लिए विशेष वित्तीय सहायता देने का भी आग्रह किया। उन्होंने राज्य में लगभग 10 गीगावाट पम्प्ड स्टोरेज क्षमता विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में 7,800 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता अथवा वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) की स्वीकृत क्षमता 500 मेगावाट आवर से बढ़ाकर 665 मेगावाट आवर करने तथा उसके अनुरूप वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

बैठक में पिटकुल की 3,638.26 करोड़ रुपये लागत वाली एडीबी सहायतित पारेषण परियोजना पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए एडीबी ऋण और राज्यांश की मूल 80:20 वित्तीय व्यवस्था को यथावत बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि वित्तीय पैटर्न में बदलाव से विशेष श्रेणी के हिमालयी राज्य के रूप में उत्तराखंड को मिलने वाले लाभ प्रभावित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) परियोजना को तकनीकी रूप से उपयुक्त मान चुका है और विद्युत मंत्रालय ने भी एडीबी सहायता पर कोई आपत्ति नहीं जताई है। उन्होंने परियोजना को मूल वित्तीय व्यवस्था के साथ मंजूरी देने का अनुरोध किया।

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags