
कोलकाता, 19 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता में अमूल बंगाल डेयरी परियोजना के तहत विश्व के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन करते हुए पश्चिम बंगाल के राजनीतिक बदलाव को आजादी के बाद का सबसे बड़ा परिवर्तन बताया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद किसी भी राज्य में ऐसा राजनीतिक परिवर्तन देखने को नहीं मिला, जैसा पश्चिम बंगाल में हुआ है।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल शिक्षा, संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन में पूरे देश का मार्गदर्शक था। बंगाल ने देश को अनेक महान नेता, विचारक और स्वतंत्रता सेनानी दिए। अब राज्य फिर से विकास और समृद्धि के नए दौर की ओर बढ़ रहा है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि पहले तीन दशकों तक पश्चिम बंगाल पर वामपंथ की विदेशी विचारधारा का शासन रहा और उसके बाद 15 वर्षों तक राज्य भ्रष्ट और वैचारिक रूप से दिवालिया सरकार के अधीन रहा। उन्होंने कहा कि अब राज्य में आए राजनीतिक परिवर्तन से विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।
अमित शाह ने कहा कि लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित अमूल बंगाल डेयरी परियोजना राज्य की डेयरी सहकारिता के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। इस अत्याधुनिक संयंत्र में प्रतिदिन 30 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण किया जाएगा तथा 10 लाख किलोग्राम दही और अन्य दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही पैकेज्ड दूध, यूएचटी दूध, आइसक्रीम, पनीर, घी, मिठाई और फ्लेवर्ड मिल्क का भी बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पश्चिम बंगाल के 1.25 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनमें 30 हजार से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक शामिल हैं। इससे किसानों की आय बढ़ेगी, आधुनिक प्रसंस्करण और विपणन सुविधाओं का विस्तार होगा तथा पूर्वी भारत में डेयरी सहकारिता को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने श्वेत क्रांति 2.0 के तहत नवगठित डेयरी सहकारी समितियों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र सौंपे। उन्होंने बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समितियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा सहकारी समितियों के पंजीकरण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने के लिए विकसित ई-आरसीएस पोर्टल का शुभारंभ किया।
इसके अलावा उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में नए भंडारण गोदामों की आधारशिला रखी और दो नए गोदामों का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम के दौरान राज्य में सदस्य आधारित परिवहन सेवाओं के विस्तार के लिए भारत टैक्सी और राज्य सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान भी हुआ।
अपने तीन दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के समापन पर अमित शाह ने केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ घुसपैठ रोकने, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं की सुरक्षा सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर भी समीक्षा बैठकें कीं। उन्होंने विश्वास जताया कि सहकारिता आधारित इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल में श्वेत क्रांति को नई गति मिलेगी, किसानों की आय बढ़ेगी और राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ा बल मिलेगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर