फीफा विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने डीआर कांगो को हराया, प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

युगवार्ता    02-Jul-2026
Total Views |
गोल करने के बाद खुशी मनाते हैरी केन


अटलांटा, 02 जुलाई (हि.स.)।कप्तान हैरी केन के शानदार दो गोलों की बदौलत इंग्लैंड ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में बुधवार को डीआर कांगो को 2-1 से हराकर अंतिम-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में जगह बना ली। हालांकि टूर्नामेंट की मजबूत दावेदार मानी जा रही इंग्लैंड की टीम को इस जीत के लिए आखिरी मिनटों तक कड़ा संघर्ष करना पड़ा।

डीआर कांगो ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और 17वें मिनट में बढ़त हासिल कर सभी को चौंका दिया। दाईं ओर से आए क्रॉस पर इंग्लैंड के डिफेंडर डेजेड स्पेंस गेंद का सही आकलन नहीं कर सके, जिसका फायदा उठाते हुए ब्रायन सिपेंगा ने नजदीक से शानदार फिनिश कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

गोल खाने के बाद इंग्लैंड ने लगातार हमले किए, लेकिन डीआर कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने कई बेहतरीन बचाव कर टीम की बढ़त बरकरार रखी। पहले हाफ में जूड बेलिंघम का हेडर और मार्कस रैशफोर्ड का करीबी प्रयास भी म्पासी और डिफेंस ने विफल कर दिया।

दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने दबाव बढ़ाया और आखिरकार 75वें मिनट में कप्तान हैरी केन ने एंथनी गॉर्डन के शानदार क्रॉस पर हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया।

बराबरी का गोल करने के बाद इंग्लैंड ने जीत की तलाश जारी रखी और 85वें मिनट में एक बार फिर केन ने अपनी कप्तानी पारी खेली। उन्होंने एक्सेल तुआनजेबे को छकाते हुए दाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया, जो सीधे गोलपोस्ट की छत में जाकर लगा और इंग्लैंड को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

अंतिम मिनटों में डीआर कांगो बराबरी नहीं कर सका और इंग्लैंड ने संघर्षपूर्ण जीत दर्ज कर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया।

हालांकि हार के बावजूद डीआर कांगो ने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया और टूर्नामेंट की मजबूत टीम इंग्लैंड को अंत तक कड़ी चुनौती दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags