
अहमदाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल क्षेत्र स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। हादसे में 95 प्रतिशत तक झुलसे एक घायल ने सोमवार तड़के सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल चार घायलों का इलाज जारी है, जिनमें एक महिला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि हादसे के बाद पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें एक महिला और चार पुरुष शामिल थे। इनमें एक पुरुष 95 प्रतिशत से अधिक तथा महिला 75 प्रतिशत से अधिक झुलस गई थी। दोनों की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था।
डॉ. जोशी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 2:15 बजे 95 प्रतिशत तक झुलसे पुरुष मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसे बचाने के लिए डॉक्टरों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन गंभीर जलने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल के बर्न्स वार्ड में अभी जो मरीज भर्ती हैं। इनमें एक 40 प्रतिशत और दूसरा 20 प्रतिशत तक झुलसा है। सिविल अस्पताल में उपलब्ध स्किन बैंक की मदद से 40 प्रतिशत झुलसे मरीज के शरीर के लगभग 28 प्रतिशत हिस्से तथा 20 प्रतिशत झुलसे मरीज के करीब 15 प्रतिशत हिस्से पर दान में मिली त्वचा (स्किन ग्राफ्ट) लगाई गई है। प्लास्टिक सर्जरी और बर्न्स विशेषज्ञों की टीम दोनों का गहन उपचार कर रही है। तीसरे भर्ती मरीज की हालत सामान्य बताई गई है।
गौरतलब है कि 18 जुलाई (शनिवार) को अहमदाबाद के रामोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत वस्त्राल गांव की सीमा में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में पहले नौ लोगों की मौत हुई थी। अब एक और घायल के दम तोड़ने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फैक्टरी के अवैध संचालन और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे