दिखौ नदी की बाढ़ से सिमलुगुड़ी में रेल सेवाएं ठप, यात्रियों के लिए विशेष राहत व्यवस्था

युगवार्ता    20-Jul-2026
Total Views |
रेलवे ट्रैक पर बाढ़ के पानी की तस्वीर।


गुवाहाटी, 20 जुलाई (हि.स.)। असम के शिवसागर जिले में दिखौ नदी के उफान ने बाढ़ की स्थिति को गंभीर बना दिया है। सिमलुगुड़ी क्षेत्र में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी रेलवे स्टेशन यार्ड, रेलवे कॉलोनी और रेल पटरियों तक पहुंच गया है। इसके चलते पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिमलुगुड़ी–नामटियाली तथा सिमलुगुड़ी–सेलेंघाट रेलखंड पर सभी रेल सेवाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल शर्मा ने सोमवार को बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। डिब्रूगढ़ और न्यू तिनसुकिया से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को अब रंगिया–रंगापाड़ा मार्ग से संचालित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो और रेल सेवाएं यथासंभव जारी रखी जा सकें। वहीं, प्रभावित रेलखंड पर चलने वाली कई स्थानीय ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से समाप्त किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में इंजीनियरिंग और तकनीकी कर्मचारियों की विशेष टीमें आवश्यक उपकरणों एवं सामग्री के साथ तैनात कर दी गई हैं। अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, बाढ़ का पानी कम होने के बाद ही रेल पटरियों, पुलों और अन्य रेल संरचनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया जा सकेगा। इसके बाद हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा और सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने पर ही रेल सेवाएं पुनः बहाल की जाएंगी।

यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए रेलवे ने कई विशेष व्यवस्थाएं भी की हैं। प्रमुख स्टेशनों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को भोजन के पैकेट, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिन यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है, उनके लिए टिकट वापसी और रद्दीकरण की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रेलवे ने वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। नामटियाली से शिवसागर टाउन रेलवे स्टेशन तक यात्रियों को पहुंचाने के लिए असम राज्य परिवहन निगम (एएसटीसी) की बसों के साथ-साथ स्थानीय वाहनों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, शिवसागर टाउन से डिब्रूगढ़ और न्यू तिनसुकिया के लिए विशेष ट्रेन चलाने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि फंसे हुए यात्रियों को शीघ्र उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

बाढ़ के कारण प्रभावित ट्रेनों के यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे ने विशेष अभियान भी चलाया। 22503 विवेक एक्सप्रेस के 217 यात्रियों को सेलेंघाट से सड़क मार्ग के जरिए सुरक्षित मरियानी पहुंचाया गया। वहीं, 15959 कामरूप एक्सप्रेस के 570 यात्रियों तथा 15934 अमृतसर–तिनसुकिया एक्सप्रेस के 490 यात्रियों को मरियानी स्टेशन पर भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें। साथ ही, बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने का अनुरोध किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags