ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

युगवार्ता    20-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान कमजोरी के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल सांकेतिक तेजी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

पश्चिम एशिया में जंग तेज होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में जोरदार तेजी आ गई है, जिससे एक बार फिर महंगाई बढ़ने की आशंका बन गई है। इस आशंका के कारण अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार होता रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 406.55 अंक यानी 0.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,146.42 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 76.08 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,457.69 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 361.70 अंक यानी 1.40 प्रतिशत टूट कर 25,520.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.05 अंक की सांकेतिक बढ़त के साथ 52,146.47 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,600.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.47 प्रतिशत लुढ़क कर 8,338.81 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.34 प्रतिशत फिसल कर 24,830.98 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से चार के सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में आज कारोबार नहीं होने के कारण निक्केई इंडेक्स में कोई हलचल नहीं है।

गिफ्ट निफ्टी फिलहाल 191 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,158 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.20 प्रतिशत टूट कर 42,588 अंक के स्तर तक चला गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त कमजोरी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 261.18 यानी 3.83 प्रतिशत लुढ़क कर 6,559.42 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.12 प्रतिशत फिसल कर 1,637.03 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.87 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,229.19 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.18 प्रतिशत की छलांग लगा कर 3,808.39 अंक के स्तर पर आ गया है। हैंग सेंग इंडेक्स में आज जोरदार तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 509.76 अंक यानी 2.08 प्रतिशत उछल कर 25,072 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 5,510.74 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags