सिक्किम के सुरंग हादसे पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने जताया दुख, बचाव अभियान तेज करने के दिए निर्देश

युगवार्ता    21-Jul-2026
Total Views |
समरदुङमा राहत एवं उद्धार कार्य जारी


गंगटोक, 21 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने नाम्ची जिले के झोलुंगे अंतर्गत समरदुंग में निर्माणाधीन एनएचपीसी तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री तमांग ने मंगलवार सुबह फेसबुक पर एक पोस्ट के माध्यम से घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरे राज्य की संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि वह बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए), सिक्किम पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, पाक्योंग और सिलीगुड़ी स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें तथा अन्य विशेषज्ञ एजेंसियां सुरंग में फंसे शेष श्रमिकों के शवों को बाहर निकालने के लिए दिन-रात जुटी हुई हैं।

उन्होंने बचाव अभियान में लगे सभी सुरक्षाकर्मियों और तकनीकी टीमों के समर्पण, साहस और अथक प्रयासों की सराहना करते हुए संबंधित सभी विभागों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, बचाव अभियान में तेजी लाने तथा पूरे अभियान के दौरान उच्चतम सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने, अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाएं प्रसारित नहीं करने तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बचाव अभियान को सुरक्षित और सफल निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी। उल्लेखनीय है कि नाम्ची जिले के झोलुंगे अंतर्गत समरदुंग में निर्माणाधीन एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

Tags