हेवीवेट शेयरों की बिकवाली से शेयर बाजार लाल निशान में बंद, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के

युगवार्ता    21-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- मिड और स्मॉलकैप शेयरों में हुई खरीदारी से निवेशकों को एक दिन में हुआ 2.09 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे हेवीवेट शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली ने आज घरेलू शेयर बाजार को पूरी तरह से झकझोर दिया। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली कमजोरी के साथ हुई थी। दिन के कारोबार में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा, जिसमें बिकवालों का पलड़ा ज्यादातर समय भारी बना रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 58.89 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,649.63 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में हो रही खरीद बिक्री की वजह से इस सूचकांक की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी। खरीदारी के सपोर्ट से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स उछल कर हरे निशान में 77,753.18 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया।

शेयरों की लगातार हो रही बिक्री की वजह से दोपहर एक बजे के करीब यह सूचकांक 371.19 अंक की कमजोरी के साथ 77,337.33 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर जोर लगाया, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 130 अंक से अधिक की रिकवरी कर 238.41 अंक की गिरावट के साथ 77,470.11 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 22.45 अंक टूट कर 24,216.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक 23.70 अंक की मजबूती के साथ 24,262.20 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में हेवीवेट शेयरों में लगातार बिकवाली होने लगी, जिससे निफ्टी की चाल में गिरावट आने लगी।

लगातार हो रही बिकवाली की वजह से दोपहर एक बजे के करीब निफ्टी 102.85 अंक लुढ़क कर 24,135.65 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। दिन भर हुई लिवाली और बिकवाली के बाद निफ्टी दिन के निचले स्तर से 50 अंक से अधिक सुधर कर 50.80 अंक की कमजोरी के साथ 24,187.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी, बैंकिंग, ऑयल एंड गैस और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली होती रही। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, रियल्टी, मेटल, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में खरीदारी का रुख बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी का जोर बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.53 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आई तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 484.29 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 482.20 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.09 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,399 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,188 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,021 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 190 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,972 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,557 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,415 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त के साथ और 9 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस 2.52 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 2.10 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 1.67 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.60 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक 2.08 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 1.47 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.47 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, 1.40 प्रतिशत और टीसीएस 1.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags