पश्चिम बंगाल सरकार ने जारी की 291 आईएएस अधिकारियों की अद्यतन पोस्टिंग सूची

युगवार्ता    21-Jul-2026
Total Views |

कोलकाता, 21 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार ने 20 जुलाई 2026 तक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों की अद्यतन पदस्थापन सूची जारी कर दी है। सूची में राज्य के कुल 291 आईएएस अधिकारियों के वर्तमान पद, दायित्व और तैनाती का विवरण शामिल है। इसमें मुख्य सचिव से लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी (डीएम), नगर आयुक्त, विकास प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), विशेष सचिव, अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम), उप-मंडलाधिकारी (एसडीओ) तथा सहायक मजिस्ट्रेट एवं सहायक कलेक्टर तक के पद शामिल हैं।

जारी सूची के अनुसार मनोज कुमार अग्रवाल राज्य के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वहीं विवेक भारद्वाज भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय में सचिव के रूप में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर पर बरुण कुमार राय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के साथ पर्यटन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। प्रभात कुमार मिश्रा वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं और उनके पास योजना एवं सांख्यिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी है। अनूप कुमार अग्रवाल कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं तथा एमएसएमई एवं वस्त्र विभाग का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे हैं। दुष्यंत नारियाला नई दिल्ली में पश्चिम बंगाल सरकार के प्रधान रेजिडेंट कमिश्नर के रूप में कार्यरत हैं।

प्रधान सचिव स्तर पर बिनोद कुमार गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग, संघमित्रा घोष सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग, राजेश कुमार सिन्हा भूमि एवं भूमि सुधार विभाग, सुरेंद्र गुप्ता कृषि विभाग, ओंकार सिंह मीणा तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा राजीव कुमार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव हैं। वंदना यादव उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग की प्रधान सचिव हैं, जबकि नीलम मीणा पश्चिम बंगाल की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत हैं।

मंडलायुक्तों में डॉ. सौमित्र मोहन बर्दवान मंडल, गोदाला किरण कुमार मेदिनीपुर मंडल, वी. ललितालक्ष्मी प्रेसिडेंसी मंडल और डॉ. पी.बी. सलीम मालदा मंडल के मंडलायुक्त हैं।

जिलाधिकारियों की सूची में निरंजन कुमार (पूर्व मेदिनीपुर), दीपिका सन्यामाथ (उत्तर 24 परगना), आर. विमला (मुर्शिदाबाद), आर. अर्जुन (नदिया), स्वेता अग्रवाल (पूर्व बर्दवान), संदीप कुमार घोष (जलपाईगुड़ी), अनीश दासगुप्ता (बांकुड़ा), विवेक कुमार (उत्तर दिनाजपुर), हर्षिमरन सिंह (कूचबिहार), अकांक्षा भास्कर (झाड़ग्राम), पवन कडियान (पश्चिम मेदिनीपुर), विभु गोयल (पश्चिम बर्दवान), प्रियंका सिंगला (मालदा), नितिन सिंघानिया (हुगली), शमा परवीन (दार्जिलिंग), मयूरी वासु (अलीपुरद्वार), धवल जैन (बीरभूम) तथा कोंथम सुधीर (पुरुलिया) शामिल हैं।

नगर निकायों और विकास प्राधिकरणों में अदिति चौधरी को आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), सुमन कुमार घोष को आसनसोल नगर निगम का आयुक्त, रवि रंजन को हावड़ा नगर निगम का आयुक्त तथा सुमन सौरव मोहंती को बिधाननगर नगर निगम का आयुक्त एवं न्यू टाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी का सीईओ बनाया गया है। डॉ. विजय भारती कोलकाता नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं।

पश्चिम बर्दवान जिले में विभु गोयल जिलाधिकारी, अंकिता अग्रवाल दुर्गापुर की एसडीओ, अदिति चौधरी एडीडीए की सीईओ तथा सुमन कुमार घोष आसनसोल नगर निगम के आयुक्त के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वहीं अवनीत पुनिया और अभिषेक चौरसिया अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) तथा विनायक कुमार सहायक मजिस्ट्रेट एवं सहायक कलेक्टर के पद पर तैनात हैं।

सरकार की ओर से जारी सूची में वर्ष 2024 और 2025 बैच के नव नियुक्त आईएएस अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों में सहायक मजिस्ट्रेट एवं सहायक कलेक्टर के रूप में प्रशिक्षण और प्रशासनिक दायित्व सौंपे गए हैं। राज्य सरकार का कहना है कि यह अद्यतन सूची पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक ढांचे की वर्तमान स्थिति को दर्शाती है और विभिन्न विभागों व जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का नवीनतम विवरण उपलब्ध कराती है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags