
इंफाल, 22 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर के कामजोंग जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने बुधवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बने एक बेली पुल को विस्फोट कर उड़ा दिया। इस घटना से कई गांवों का जिला मुख्यालय से एकमात्र सड़क संपर्क टूट गया।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:30 बजे फांगे और चाट्रिक गांवों के बीच नंबान लोक नदी पर बने पुल पर हुई। प्रारंभिक जांच में पुल को उड़ाने के लिए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।
हमलावरों ने घटना के दौरान नदी किनारे खड़े दूरसंचार विभाग के एक वाहन में भी आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस का कहना है कि यह पुल चाट्रिक तथा आसपास के गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग था। अधिकारियों के अनुसार, हमले का उद्देश्य सार्वजनिक अवसंरचना को नुकसान पहुंचाना, परिवहन और संचार सेवाओं को बाधित करना, लोगों की आवाजाही रोकना तथा क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करना था।
पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सीएसडी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे किसी भी उग्रवादी संगठन ने अब तक जिम्मेदारी नहीं ली है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश