सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की तबीयत खराब

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
अभिजीत दीपके


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके की गुरुवार को तबीयत खराब हो गयी। उनको तेज बुखार है। यह जानकारी खुद दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी।

दीपके ने लिखा, ''पिछले कुछ दिनों से मुझे बुखार और शरीर में तेज दर्द है लेकिन अभी तक दर्द की दवा लेकर मैं काम चला रहा हूं। अगर आज आप मुझे जंतर-मंतर पर न देख पाएं तो माफ कीजिएगा। मुझे ठीक होने के लिए कुछ घंटे आराम करने की जरूरत है। शाम तक मैं विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर वापस आ जाऊंगा।''

उल्लेखनीय है कि छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रही सीजेपी ने 'संसद चलो' मार्च की घोषणा की थी जिसके बाद 20 जुलाई को हजारों की संख्या में एकजुट हुए छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वे शिक्षा प्रणाली में अनियमितता और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags