उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही अन्य शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। नेताओं ने कहा कि आज़ाद का जीवन त्याग, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करत हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के एक चमकते हुए प्रतीक के रूप में, उन्होंने असाधारण साहस और देश के प्रति अटूट निष्ठा का उदाहरण पेश किया। उनके जीवन ने अनगिनत युवा भारतीयों को मातृभूमि की सेवा के लिए खुद को समर्पित करने की प्रेरणा दी। उनकी अमिट विरासत पीढ़ियों तक देशभक्ति की भावना को जगाती रहेगी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चंद्रशेखर आजाद को भावपूर्ण नमन करते हुए कहा कि देश के लिए समर्पित उनका संपूर्ण जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने मातृभूमि की स्वतंत्रता को ही अपने जीवन का एकमात्र लक्ष्य बनाया और अपना सर्वस्व राष्ट्र को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम से आज़ाद ने ब्रिटिश हुकूमत को स्पष्ट संदेश दिया कि देश के संसाधनों पर अधिकार केवल देशवासियों का है। अमित शाह ने यह भी कहा कि आजाद ने क्रांतिकारियों की ऐसी पीढ़ी तैयार की, जिसने विदेशी शासन की नींव हिला दी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने न केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया, बल्कि हर भारतीय के मन में स्वाभिमान, आत्मविश्वास और राष्ट्रचेतना का संचार किया। उन्होंने कहा कि आजाद का अदम्य साहस, अटूट संकल्प और सर्वोच्च बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा देने वाला था।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंद्रशेखर आजाद के प्रसिद्ध शब्द दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आज़ाद ही रहे हैं, आजाद ही रहेंगे को स्मरण करते हुए उन्हें मां भारती का अनन्य उपासक और अमर हुतात्मा बताया। उन्होंने कहा कि उनका त्याग और बलिदान राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि आजाद ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने महान क्रांतिकारी को नमन करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन के विरुद्ध उनका अद्वितीय साहस और भारत की स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व समर्पित करने का संकल्प आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अपने आजाद रहने के प्रण को अंतिम क्षण तक निभाया और मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का अमर संदेश देता है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चंद्रशेखर आजाद को अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण हर भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की माटी के गौरव चंद्रशेखर आजाद ने अपने साहस और समर्पण से स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा दी। उनका त्याग और राष्ट्रभक्ति का संदेश हर भारतीय को देशसेवा के लिए प्रेरित करता है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के लिए उनका अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Tags