विदेश मंत्री जयशंकर ने मनीला में कई देशों के मंत्रियों से की मुलाकात, क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
मनीला में पापुआ न्यू गिनी के विदेश मंत्री जस्टिन डब्ल्यू. टकाचेंको से प्रशांत द्वीप देशों के विकास सहयोग पर चर्चा, मुलाकात के दौरान।


मनीला में नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसन से रणनीतिक साझेदारी और नए सहयोग अवसरों पर विचार-विमर्श, मुलाकात के दौरान।


मनीला में यूएनआरडब्ल्यूए के कार्यवाहक आयुक्त-जनरल क्रिश्चियन सॉन्डर्स से स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण में भारत के योगदान पर चर्चा, मुलाकात के दौरान।


मनीला में ब्रिटेन के विदेश सचिव एड मिलिबैंड से भारत-यूके एफटीए और रणनीतिक साझेदारी पर बातचीत, मुलाकात के दौरान।


मनीला में ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा, मुलाकात के दौरान।


मनीला में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी पर बल, मुलाकात के दौरान।


मनीला में ब्रुनेई के विदेश मंत्री प्रिंस अब्दुल मतीन से एक्ट ईस्ट नीति के अनुरूप सहयोग बढ़ाने पर सहमति, मुलाकात के दौरान।


मनीला, 23 जुलाई (हि.स.)। आसियान देशों की विभिन्न बैठकों और क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने दो दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस गए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को ओमान, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, फिलीपींस, पापुआ न्यू गिनी और ब्रुनेई सहित कई देशों के विदेश मंत्रियों तथा नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने इन मुलाकातों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देते हुए बताया कि बैठक में खाड़ी क्षेत्र की स्थिति, भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते से बने सकारात्मक माहौल, भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी, प्रशांत द्वीप देशों के विकास सहयोग, नई तकनीकी संभावनाओं और इंडो-पैसिफिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

जयशंकर ने कहा कि उन्होंने ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खाड़ी क्षेत्र में हाल की घटनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने संपर्क बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

ब्रिटेन के विदेश सचिव एड मिलिबैंड से पहली मुलाकात में जयशंकर ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हाल ही में लागू हुए भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से बने सकारात्मक माहौल पर आगे बढ़ने और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी।

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि यूएनआरडब्ल्यूए के कार्यवाहक आयुक्त-जनरल क्रिश्चियन सॉन्डर्स से मुलाकात में जयशंकर ने भारत के हालिया दानदाताओं सम्मेलन में स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण में किए गए योगदानों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसन से मुलाकात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया यात्रा के परिणामों पर बातचीत हुई। दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी स्तर तक ले जाने से सेमीकंडक्टर, जल संसाधन, ग्रीन हाइड्रोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खुले हैं।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर से मुलाकात में जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए भारत का समर्थन जताया और भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी के तहत 2025–2029 कार्ययोजना को लागू करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि पापुआ न्यू गिनी के विदेश मंत्री जस्टिन डब्ल्यू टकाचेंको से मुलाकात में द्विपक्षीय सहयोग और भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच के तहत साझेदारी पर चर्चा हुई। भारत प्रशांत द्वीप देशों की विकास और क्षमता निर्माण प्राथमिकताओं में साझेदारी के लिए तैयार है और उनकी समुद्री सुरक्षा को भी समर्थन देगा।

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि ब्रुनेई के विदेश मंत्री प्रिंस अब्दुल मतीन से मुलाकात में नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी। तेजी से बदलती तकनीक, जैसे एआई, ड्रोन और डिजिटल क्षेत्र, नए अवसर खोल रही है। दोनों नेताओं ने भारत की एक्ट ईस्ट नीति के अनुरूप द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाने और आसियान के तहत बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई।

उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर 22-23 जुलाई को दक्षिण-पूर्व एशियाई देश फिलीपींस की यात्रा पर हैं। यहां वह आसियान-भारत पोस्ट-मंत्रिस्तरीय सम्मेलन, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन विदेश मंत्रियों की बैठक, आसियान क्षेत्रीय मंच (एआरएफ) बैठक और क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठकों में भाग ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags