चेक गणराज्य में सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, एक सैनिक की मौत, चार घायल

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
चेक गणराज्य में सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, जिसमें एक सैनिक की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गये।


प्राग, 23 जुलाई (हि.स.)। चेक गणराज्य के पूर्वी हिस्से में गुरुवार को एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार पांच सैनिकों में से एक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। चेक सेना ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज जारी है।

सेना के अनुसार, दुर्घटना नाम्येश्त नाद ओसलावो स्थित सैन्य अड्डे पर हुई। यह क्षेत्र राजधानी प्राग से लगभग 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

चेक सेना ने अपने बयान में कहा कि फिलहाल उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता घायल सैनिकों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और उनके परिवारों को आवश्यक सहयोग देना है। सेना ने यह भी बताया कि मृतक सैनिक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या किसी अन्य वजह से हुआ।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags