
नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देशभर से आए युवाओं की चिंताएं वास्तविक हैं और उनका समाधान सहानुभूति तथा दूरदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। इसे केवल कानून-व्यवस्था के मुद्दे के रूप में नहीं देखना चाहिए। जोशी ने महिलाओं और युवतियों पर बल प्रयोग को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कदम भारत को विकसित राष्ट्र के लक्ष्य से दूर ले जाएंगे।
मुरली मनोहर जोशी ने अपने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, ''यह देखना अत्यन्त पीड़ादायक है कि देश के विभिन्न भागों से आए युवा छात्र कई दिनों से नई दिल्ली की सड़कों पर एकत्रित हैं। उनकी चिंताएं और सरोकार वास्तविक हैं। इन्हें सहानुभूति तथा दूरगामी समाधान की दृष्टि से हल किया जाना चाहिए। मुझे पूरी आशा है कि इसे केवल कानूनी और व्यवस्था की समस्या के रूप में नहीं देखा जाएगा जिससे बलपूर्वक निपटा जाये। मुझे य़ह देखकर अत्यन्त पीड़ा हुई है कि महिलाओं और युवतियों पर निर्मम बल प्रयोग किया गया।
ऐसे बल के उपयोग से भारतीय समाज का बड़ा हिस्सा विकसित भारत के लक्ष्य से बहुत दूर चला जाएगा।''
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा