आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने इस महीने जायेंगे चीन, वांग यी समेत शीर्ष नेताओं से मिलेंगे

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने


काठमांडू, 23 जुलाई (हि.स.)। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने इस महीने के अंत में चार सदस्यीय पार्टी प्रतिनिधिमंडल के साथ चीन की राजधानी बीजिंग का दौरा करेंगे। इस दौरान वह चीनी विदेश मंत्री वांग यी और चीन के अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे।

पार्टी प्रवक्ता मनीष झा के अनुसार इस प्रतिनिधिमंडल में लामिछाने के करीबी कुछ नेता और सांसद भी शामिल होंगे। हालांकि, अन्य बैठकों और प्रतिनिधिमंडल के शेष सदस्यों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य चीन के साथ राजनीतिक संवाद को मजबूत करना और 5 मार्च को नेपाल में हुए राजनीतिक परिवर्तन के बाद दोनों पक्षों के बीच विश्वास को और प्रगाढ़ बनाना है।

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब नेपाल की नई सरकार और उसके दोनों पड़ोसी देशों—भारत और चीन—के बीच अब तक उच्चस्तरीय राजनीतिक संपर्क सीमित रहे हैं। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने पदभार संभालने के बाद अब तक चीन या भारत के किसी भी राजदूत के साथ औपचारिक द्विपक्षीय बैठक नहीं की है। हाल ही में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने अपने प्रमुख सलाहकार कुमार बेन को भारत यात्रा की तैयारियों के लिए नई दिल्ली भेजा था। इस दौरान कुमार बेन ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की थी।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि बीजिंग जाने वाले चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के तीन अन्य सदस्यों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। बीजिंग प्रवास के दौरान रवि लामिछाने नेपाल-चीन द्विपक्षीय संबंधों तथा दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चीनी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। रवि लामिछाने की यह चीन यात्रा पूरी तरह पार्टी स्तर की होगी और चीनी अधिकारियों के साथ उनकी बैठकों में नेपाल सरकार का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags