कॉमनवेल्थ गेम्स उद्घाटन से पहले भारत का पहला पदक पक्का, मुक्केबाज लवलीना ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
ग्लासगो में महिलाओं की 75 किग्रा कैटेगरी में लवलीना बोरगोहेन (नीले रंग में) कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत सीधे सेमीफाइनल से करेंगी।


राष्ट्रमंडल खेल :  मुक्केबाजी ड्रा शीट


ग्लासगो, 23 जुलाई (हि.स.)। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में गुरुवार से शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत का पहला पदक उद्घाटन समारोह से पहले ही पक्का हो गया है। भारतीय स्टार मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन को महिला 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश मिला है, जिससे उनका कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है।

महिला 75 किलोग्राम वर्ग में केवल पांच मुक्केबाज हिस्सा ले रही हैं। इसी कारण लवलीना को पहले दौर में बाई मिली और वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गईं। राष्ट्रमंडल खेलों के नियमों के अनुसार सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दोनों हारने वाले मुक्केबाजों को कांस्य पदक मिलता है, इसलिए लवलीना का पदक पहले ही तय हो गया है।

28 वर्षीय लवलीना अब जुलाई में होने वाले सेमीफाइनल में तुवालू की टी.के.बी.पी. ताफाकी से भिड़ेंगी। यह मुकाबला जीतने पर वह फाइनल में पहुंच जाएंगी और स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी।

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना के लिए यह राष्ट्रमंडल खेलों का पहला पदक होगा। इससे पहले बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में वह लाइट मिडिलवेट वर्ग के क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं, जहां उन्हें वेल्स की रोजी एक्लेस से हार का सामना करना पड़ा था।

लवलीना को भारोत्तोलन स्टार मीराबाई चानू के साथ ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का ध्वजवाहक भी बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags