अगले साल मई में इंग्लैंड दौरे पर जाएगी पाकिस्तानी टीम, खेलेगी पांच वनडे मैचों की सीरीज

युगवार्ता    23-Jul-2026
Total Views |
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम 2027 में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप की तैयारियों के तहत मई में इंग्लैंड का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) श्रृंखला खेली जाएगी।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अनुसार श्रृंखला का पहला मुकाबला 15 मई को साउथम्प्टन में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 19 मई को मैनचेस्टर, 21 मई को लीड्स, 23 मई को चेस्टर-ली-स्ट्रीट और 26 मई को कार्डिफ में आमने-सामने होंगी। यह वनडे श्रृंखला 4 अक्टूबर से 21 नवंबर, 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप की तैयारी के लिहाज से दोनों टीमों के लिए अहम मानी जा रही है।

फिलहाल पाकिस्तान टीम वेस्टइंडीज दौरे पर है, जहां वह दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेल रही है। इसके बाद पाकिस्तान अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करेगा, जहां 19 अगस्त से 13 सितंबर तक दोनों देशों के बीच तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।

पाकिस्तान ने आखिरी बार 2021 में इंग्लैंड का वनडे दौरा किया था। तब मेजबान इंग्लैंड ने तीन मैचों की श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की थी।

पाकिस्तान का इंग्लैंड वनडे दौरा 2027

15 मई: पहला वनडे – साउथम्प्टन

19 मई: दूसरा वनडे – मैनचेस्टर

21 मई: तीसरा वनडे – लीड्स

23 मई: चौथा वनडे – चेस्टर-ली-स्ट्रीट

26 मई: पांचवां वनडे – कार्डिफ

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags