भाजपा की डबल इंजन की सरकार में विकास और प्रगति में आई तेजीः ज्योतिरादित्य सिंधिया

युगवार्ता    24-Jul-2026
Total Views |
दतिया में जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया


- केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में जनसभाओं को किया संबोधित

दतिया/भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार में विकास और प्रगति में काफी तेजी आई है। कांग्रेस ने देश की सत्ता पर 70 वर्षों तक और प्रदेश में भी लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उन्होंने विकास के कार्य कभी नहीं कराए।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया शुक्रवार को मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में ग्रामीण क्षेत्रों बडौनी, जिगना, निचरोली, चकरासागर और गोविंद नगर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से परिवारवाद को बढ़ावा देती रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं को उनका अधिकार मिलता है।

प्रधानमंत्री ने देश का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान को बढ़ाने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत ने दुनिया में अपनी धाक जमाई है। अमेरिका-ईरान युद्ध छिड़ा, सभी को डर था कि भारत में पेट्रोल-डीजल के लिए हाहाकार मचेगा, अन्य समस्याएं आएंगी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने देश को थोड़ी सी भी परेशानियां नहीं आने दी। आज उनके नेतृत्व में देश की ख्याति विश्व स्तर पर बढ़ी है।

भाजपा सरकारों ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाईं, लोगों का जीवन बदला

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा की सरकार में हर वर्ग के लिए योजनाएं बनीं और इन योजनाओं से हर वर्ग के जीवन में खुशहाली आई है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, किसान, गरीबों सहित अन्य सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनाई गईं। कांग्रेस ने 65 वर्षों में सिर्फ 3 करोड़ देशवासियों को आवास दिए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल में 4 करोड़ लोगों को आवास दिए और अगले 10 वर्षों के लिए 10 करोड़ लोगों को आवास देने का लक्ष्य रखा है। घर-घर में गैस की टंकियां और चूल्हे दिए, किसानों को सम्मान निधि देकर उनका सम्मान बढ़ाया।

अब लालटेन व लट्टू (वल्ब) वाले दिन नहीं लाना है

सिंधिया ने कहा कि 18 वर्ष पहले दतिया विधानसभा में सड़कें नहीं हुआ करती थीं। गड्ढों में सड़कों को ढूंढना पड़ता था। गांवों में बिजली नहीं हुआ करती थी। बच्चों को लालटेन में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। जिन घरों में बिजली थी वहां पर लट्टू (वल्ब) टिमटिमाते रहते थे, लेकिन अब उन लट्टू (वल्ब) वाले दिन नहीं लाना है। अब दतिया में विकास की गति को बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में दतिया को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली, केंद्रीय विद्यालय खोला गया, दतिया को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा गया, झांसी में कई रेलगाड़ियों का स्टॉपेज कराया गया, बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए सांदीपनि स्कूल खोले गए। यह सभी विकास कार्य भाजपा के शासनकाल में कराए गए हैं।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी मौजूद रहे। सभाओं को मध्य प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह एवं विधायक प्रीतम लोधी ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags