नेपाल अब यूएई, हांगकांग, ब्रिटेन और मॉरीशस के साथ करेगा दोहरा कराधान निवारण समझौता

युगवार्ता    24-Jul-2026
Total Views |
नेपाल का वित्त मंत्रालय


काठमांडू, 24 जुलाई (हि.स.)। नेपाल ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), हांगकांग, ब्रिटेन और मॉरीशस के साथ दोहरा कराधान निवारण समझौता (डीटीएए) करने के लिए बातचीत प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। इन चार देशों में से यूएई के साथ समझौता प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

आंतरिक राजस्व विभाग के महानिदेशक भीष्म कुमार भूसाल ने बताया कि यूईएई ने सितंबर के दूसरे सप्ताह के बाद समझौता करने का प्रस्ताव पेश किया है। भूसाल ने कहा कि बाकी देशों के साथ भी डीटीएए की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, अन्य देशों के साथ समझौते की अंतिम तिथि तय होना अभी बाकी है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से नेपाल ने इन देशों के साथ डीटीएए की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

भूसाल ने कहा कि कारोबार की प्रकृति और गंतव्य बदलने के साथ-साथ व्यापार को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए नए देशों के साथ डीटीएए करने की कोशिश की जा रही है। दोहरा कर (टैक्स) लगने से निवेशक आकर्षित नहीं होते। निवेशकों के लिए प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार करने के उद्देश्य से यह समझौता किया जा रहा है। नेपाली नागरिकों को विदेशों में निवेश करने का कानूनी अधिकार नहीं है, लेकिन विदेशी नागरिक नेपाल में निवेश कर सकते हैं। दोनों देशों में लगने वाले दोहरे कर को हटाकर निवेश का अनुकूल माहौल बनाने के लिए नेपाल अन्य देशों के साथ डीटीएए की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

डीटीएए वाले देशों के निवेशक जब नेपाल में निवेश करते हैं और उस आय पर नेपाल में कर चुकाते हैं, तो उन्हें अपने देश में कर छूट मिलती है। सरकार की योजना विदेशी निवेशकों को नेपाल के लाभदायक क्षेत्रों में निवेश के लिए आकर्षित करने की है।

---------------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags