खुली सीमा और अवैध शरणार्थियों की घुसपैठ नेपाल की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती: पुलिस प्रमुख

युगवार्ता    24-Jul-2026
Total Views |
नेपाल पुलिस प्रमुख आईजीपी दान बहादुर कार्की


काठमांडू, 24 जुलाई (हि.स.)। नेपाल पुलिस के प्रमुख महानिरीक्षक दानबहादुर कार्की ने कहा है कि खुली सीमा, शरणार्थियों की अवैध घुसपैठ और कानूनी अधिकार क्षेत्र की कमी नेपाल के सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौतियां बन गई हैं।

शुक्रवार को सिंहदरबार में आयोजित संघीयता सुदृढ़ीकरण एवं राष्ट्रीय सरोकार समिति की बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्की ने सीमा सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के दौरान पुलिस के सामने आने वाली चुनौतियों की जानकारी दी।

कार्की के अनुसार हाल के दिनों में रोहिंग्या, पाकिस्तानी और सोमालियाई शरणार्थियों के भारत के रास्ते अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश करने की घटनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने बताया कि नेपाल के विभिन्न स्थानों पर समूह बनाकर रहने वाले ऐसे लोग मादक पदार्थों की तस्करी समेत सुरक्षा के लिए संवेदनशील गतिविधियों में शामिल पाए गए हैं।

इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की है। बैठक में उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिणी सीमा से उर्वरक खरीदने गए कुछ नेपाली नागरिक तस्करी के आरोप में भारतीय पुलिस की हिरासत में हैं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में 'पुलिस टू पुलिस' समन्वय और कूटनीतिक प्रयास जारी हैं तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके जल्द रिहा होने की संभावना है।

कानूनी जटिलताओं का उल्लेख करते हुए कार्की ने कहा कि चोरी जैसे मामलों में सीमापार अधिकार क्षेत्र के अभाव के कारण जांच में कठिनाइयां आती हैं। उन्होंने अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और साइबर स्कैमिंग को भी प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों में शामिल बताया।

उन्होंने कहा कि विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर होने वाली ठगी और ओटीपी के जरिए होने वाले बैंकिंग फ्रॉड से आम लोगों को अरबों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिक्षित और जागरूक लोग भी ऑनलाइन स्कैमिंग और बेटिंग के जाल में फंस रहे हैं, इसलिए सतर्क रहने की आवश्यकता है।

कार्की के अनुसार, जिन लोगों के पास विदेश में रोजगार के लिए श्रम स्वीकृति नहीं होती, वे खुली सीमा का फायदा उठाकर भारत के रास्ते तीसरे देशों में पहुंचते हैं, जिससे मानव तस्करी का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए नेपाल पुलिस नियमित गश्त के साथ आधुनिक तकनीक का अधिक उपयोग कर रही है। संसाधनों की कमी के बावजूद संवेदनशील इलाकों में ड्रोन, स्कैनर और प्रशिक्षित खोजी कुत्तों (केनाइन) की मदद से निगरानी बढ़ाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags