


- भोपाल को अंतरराष्ट्रीय रोइंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के महासचिव सुभाषित मुखर्जी के नेतृत्व में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से शुक्रवार को भोपाल में उनके निवास पर भेंट कर वर्ष 2027 की एशियन रोइंग चैंपियनशिप एवं एशियन रोइंग कप-1 की मेजबानी के लिए भोपाल की दावेदारी पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री सारंग को औपचारिक प्रस्ताव सौंपते हुए मध्य प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि भारत की ओर से भोपाल को मेजबानी दिलाने के लिए राज्य सरकार, रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ साझेदारी कर एशियन रोइंग फेडरेशन के समक्ष सशक्त एवं प्रभावी दावेदारी प्रस्तुत करें।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भोपाल का अपर लेक (बड़ा तालाब) अपनी प्राकृतिक विशेषताओं, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रोइंग सुविधाओं, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के अनुभव तथा राज्य सरकार के निरंतर सहयोग के कारण एशिया की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए भारत का सबसे मजबूत विकल्प है। इस आयोजन से एशिया के शीर्ष खिलाड़ी, तकनीकी अधिकारी और खेल प्रशासक भोपाल आएंगे, जिससे मध्य प्रदेश की खेल अधोसंरचना, पर्यटन और आयोजन क्षमता को वैश्विक पहचान मिलेगी।
मंत्री सारंग ने कहा कि भोपाल को वर्ष 2027 की एशियन रोइंग चैंपियनशिप एवं एशियन रोइंग कप-1 की मेजबानी दिलाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रतिष्ठित आयोजन भोपाल को मिलता है तो यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय होगा तथा इससे खेल पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, युवाओं में रोइंग खेल के प्रति रुचि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि एशियन रोइंग फेडरेशन द्वारा वर्ष 2027 के आयोजनों के लिए सदस्य देशों से मेजबानी के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत विस्तृत बिड डॉक्यूमेंट, तकनीकी प्रस्तुतीकरण, स्थल निरीक्षण एवं विभिन्न चरणों की औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं। इस पूरी प्रक्रिया में मध्यप्रदेश सरकार का सहयोग भारत की दावेदारी को और अधिक मजबूत बनाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत