निचले स्तर से शानदार रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 92 हजार करोड़ की चपत

युगवार्ता    24-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज के कारोबार में पहले जबरदस्त गिरावट और बाद में शानदार रिकवरी का गवाह बना। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक 1.10 प्रतिशत से भी अधिक की गिरावट का शिकार हो गए। हालांकि दोपहर 11 बजे के बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण शेयर बाजार ने निचले स्तर से शानदार रिकवरी करने में सफलता हासिल की। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.43 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 638.20 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,708.19 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 287.54 अंक की रिकवरी कर 75,995.73 अंक तक पहुंच गया। हालांकि बाजार में खरीदारी का यह दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 11 बजे तक सेंसेक्स 916.96 अंक यानी 1.20 प्रतिशत टूट कर 75,474.43 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद बाजार में खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दोपहर दो बजे के करीब निचले स्तर से 736.52 अंक सुधर कर 76,210.95 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में दोबारा थोड़ी कमजोरी आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से लगभग डेढ़ सौ अंक फिसल कर 331.62 अंक की कमजोरी के साथ 76,059.77 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 203.25 अंक यानी 0.85 प्रतिशत, टूट कर 23,666.35 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 100 अंक सुधर कर 23,763.55 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 11 बजे के कुछ देर बाद यह सूचकांक 263.30 अंक यानी 1.10 प्रतिशत फिसल कर 23,606.30 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के करीब यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 217.30 अंक की रिकवरी कर 23,823.60 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बना, जिसकी वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 56.15 अंक फिसल कर 102.15 अंक की गिरावट के साथ 23,767.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके अलावा मेटल, एनर्जी, रियल्टी, ऑयल एंड गैस, फार्मास्यूटिकल, इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, मीडिया सेक्टर के शेयरों में आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मीडिया इंडेक्स 1.97 प्रतिशत चढ़ गया। इसके अलावा आईटी, पीएसयू बैंक और एफएमसीजी इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 90 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 475.69 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 476.61 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 92 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में एनएसई में 2,970 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,383 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,587 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर बढ़त के साथ और 20 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.11 प्रतिशत, विप्रो 1.32 प्रतिशत, सिप्ला 1.26 प्रतिशत, आईटीसी 0.76 प्रतिशत और एचडीएफसी लाइफ 0.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज फिनसर्व 2.60 प्रतिशत, एटरनल 2.47 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.11 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.02 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags