प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी ने अन्य मांगें जल्द पूरी होने का भरोसा जताया

युगवार्ता    25-Jul-2026
Total Views |
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके


नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अपनी लंबित दो अन्य मांगों को भी जल्द पूरा होने पर विश्वास जताया है।

सीजेपी ने एक्स पर लिखा, उनकी तीन मांगों में से एक मांग पूरी हो गयी है जो शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर थी। जबकि दो अन्य मांगें अभी भी लंबित हैं। इनमें आत्महत्या करने वाले सभी छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना और विरोध प्रदर्शन करने वाले किसी भी छात्र के ख़िलाफ कोई कार्रवाई नहीं किया जाना शामिल है।

इन तीन मांगों के अलावा सीजेपी ने एक और अन्य मांग को लंबित बताया है जिसमें रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और दिल्ली पुलिस की ओर से सार्वजनिक माफ़ी मांगने की मांग है। सीजेपी के मुताबिक जंतर-मंतर और पूरा देश अभी भी बाकी मांगों पर कार्रवाई का इंतज़ार कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह से कान्स्टीट्यूशन क्लब में दूसरे दौर की बातचीत की थी। इस दौरान सीजेपी ने कहा था कि प्रधान के इस्तीफे पर कोई समझौता नहीं हो सकता।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन कर रही सीजेपी नीट पेपर लीक को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही थी। इसके साथ ही सीजेपी ने भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए देश के शिक्षा और परीक्षा सिस्टम में बदलाव की भी मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags