सीजीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में ईडी ने किया गिरफ्तार

युगवार्ता    25-Jul-2026
Total Views |
आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी


रायपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती घोटाले और पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी ने शनिवारको टामन सिंह सोनवानी को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया है। सोनवानी पहले से ही जेल में बंद थे। इससे पहले सीबीआई ने उन्हें नवंबर 2024 में भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अपने रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

ईडी ने रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत से सोनवानी की कस्टोडियल रिमांड हासिल करने के लिए आवेदन लगाया है, ताकि अवैध कमाई और वित्तीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सीजीपीएससी की भर्ती प्रक्रिया में मनपसंद और अपने रिश्तेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने और करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के आरोप लंबे समय से लग रहे थे।

इस मामले की जांच सबसे पहले सीबीआई ने शुरू की थी, जिसमें टामन सिंह सोनवानी सहित कई अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में चार्जशीट पेश की जा चुकी है।

सोनवानी पर साल 2020-2021 की राज्य सेवा परीक्षाओं में नियमों को ताक पर रखकर प्रश्न पत्र लीक करने और परीक्षा प्रक्रिया में छेड़छाड़ करने के आरोप हैं। आरोप है कि अपने कार्यकाल के दौरान सोनवानी ने अपने बेटे, बहू और अन्य करीबियों के साथ-साथ तत्कालीन सत्ताधारी दल (कांग्रेस) के नेताओं और बड़े नौकरशाहों के करीब 18 रिश्तेदारों का अवैध तरीके से डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी जैसे उच्च पदों पर चयन करवाया। इस मामले में अब तक तत्कालीन सचिव, परीक्षा नियंत्रक की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Tags