राष्ट्रमंडल खेल 2026 चौथा दिन: रविवार को मीराबाई, रिशिकांता और भारतीय मुक्केबाजों पर रहेंगी निगाहें

युगवार्ता    25-Jul-2026
Total Views |

ग्लासगो, 25 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 के चौथे दिन रविवार (26 जुलाई) को भारतीय खिलाड़ी कई खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। दिन का सबसे बड़ा आकर्षण ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू होंगी, जो महिला 48 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा के फाइनल में पदक के लिए उतरेंगी। वहीं पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग में रिशिकांता सिंह भी फाइनल में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

दिन की शुरुआत दोपहर 1:00 बजे लॉन बॉल्स महिला युगल स्पर्धा से होगी, जिसमें रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी नामीबिया की अमांडा स्टीनकैम्प और डायना विलजोन के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे रिशिकांता सिंह पुरुष 60 किलोग्राम भारोत्तोलन फाइनल में उतरेंगे। शाम 4:30 बजे तपन मोहंती पुरुष ऑल-अराउंड जिम्नास्टिक फाइनल में चुनौती पेश करेंगे।

तैराकी में शाम 4:39 बजे श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा और धक्षण शशिकुमार की भारतीय टीम पुरुष 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले की हीट में उतरेगी। यदि टीम क्वालीफाई करती है तो उसका फाइनल देर रात 1:56 बजे खेला जाएगा।

शाम 6:45 बजे मीराबाई चानू महिला 48 किलोग्राम भारोत्तोलन फाइनल में पदक जीतने के इरादे से मंच पर उतरेंगी। इसके बाद शाम 7:15 बजे पुतुल सोनोवाल लॉन बॉल्स पुरुष एकल स्पर्धा में माल्टा के शॉन जेम्स पार्निस से भिड़ेंगे, जबकि रात 10:05 बजे रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी।

रात 10:30 बजे महिला ऑल-अराउंड जिम्नास्टिक फाइनल में प्रणति नायक, निश्का अग्रवाल, प्रतिष्ठा सामंता और ईशिता रेवाले (क्वालीफिकेशन पर निर्भर) चुनौती पेश करेंगी। मुक्केबाज़ी में रात 10:45 बजे प्रीति महिला 54 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 में मलावी की डेबोरा मतेन्जे से भिड़ेंगी। इसके बाद रात 11:15 बजे राजा मथुपांडी पुरुष 65 किलोग्राम भारोत्तोलन फाइनल में उतरेंगे।

देर रात मुक्केबाज़ी में भारत की चुनौती जारी रहेगी। रात 11:45 बजे जादुमणि सिंह मांडेंगबाम पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 में पाकिस्तान के सुमामा रहमान का सामना करेंगे। वहीं रात 12:45 बजे आदित्य प्रताप यादव पुरुष 65 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 में युगांडा के नुहू बाट्टे से भिड़ेंगे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags