

नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को महानदी अपतटीय बेसिन में पहले मूल्यांकन कुएं की ड्रिलिंग शुरू करने की घोषणा की है। पुरी ने इसको ऊर्जा आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में अहम कदम बताया है।
हरदीप सिंह पुरी ने इस अवसर को ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में भारत की यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि ड्रिलिंग की शुरुआत एक दशक के दूरदर्शी सुधारों का परिणाम है। मंत्री ने कहा कि इन सुधारों ने देश के अन्वेषण और उत्पादन परिदृश्य को बदल दिया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने सरकार के अन्वेषण सुधारों के तहत हुई प्रगति के बारे में बताते हुए बताया कि ओएएलपी के तहत लगभग 3.8 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले 172 अन्वेषण ब्लॉक आवंटित किए गए हैं, जिनमें 4.3 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया गया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान ही लगभग 674 कुओं की खुदाई की गई, पांच नए भंडार खोजे गए और सात भंडारों से उत्पादन शुरू हुआ।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि हर एक मीटर की ड्रिलिंग हमें आयात पर निर्भरता कम करने, आत्मनिर्भरता मजबूत करने और विकसित भारत के सपने को साकार करने के करीब लाती है। उन्होंने इसके लिए ओएनजीसी, ऑयल इंडिया लिमिटेड, हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय, तकनीकी भागीदारों और संपूर्ण अन्वेषण समुदाय को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आज शुरू हुई खुदाई भारत के अपतटीय अन्वेषण प्रयासों को और मजबूत करेगी और देश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लक्ष्य में योगदान देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर