डूरंड कप : साहल के गोल से मोहन बागान ने ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराया

युगवार्ता    25-Jul-2026
Total Views |
डूरंड


- साहल अब्दुल समद का निर्णायक गोल, गोलकीपर विशाल कैथ ने शानदार बचाव कर दिलाई जीत

कोलकाता, 25 जुलाई (हि.स.)। डूरंड कप के उद्घाटन मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट ने चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया। शनिवार को साल्ट लेक स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक कोलकाता डर्बी में साहल अब्दुल समद का दूसरे हाफ में किया गया गोल निर्णायक साबित हुआ, जबकि गोलकीपर विशाल कैथ ने कई शानदार बचाव कर टीम की बढ़त अंत तक कायम रखी।

मुकाबले का एकमात्र गोल 52वें मिनट में आया। मोहन बागान के युवा खिलाड़ी कियान नासिरी ने ईस्ट बंगाल के पेनाल्टी क्षेत्र के किनारे गेंद छीनकर शानदार मूव बनाया और गेंद को गोल क्षेत्र में पहुंचाया। मनवीर सिंह बैकहील से उसे दिशा नहीं दे सके, लेकिन ढीली गेंद पर साहल अब्दुल समद ने बिना किसी गलती के गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।

यूनान के नए मुख्य कोच पनायोटिस दिलबेरिस के लिए यह जीत यादगार शुरुआत रही। उनकी टीम पूरे मुकाबले में रक्षात्मक रूप से बेहद संगठित नजर आई। कप्तान जैसी भूमिका निभाते हुए गोलकीपर विशाल कैथ ने रक्षा पंक्ति का शानदार नेतृत्व किया, जबकि राहुल भेके की अगुवाई में रक्षापंक्ति ने ईस्ट बंगाल के लगातार हमलों को विफल किया।

दूसरी ओर, ईस्ट बंगाल के नए मुख्य कोच एंटोनियो हाबास का पहला मुकाबला हार के साथ समाप्त हुआ। हालांकि दूसरे हाफ में उनकी टीम ने बेहतर खेल दिखाया और बराबरी के लिए लगातार दबाव बनाया।

पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मोहन बागान ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखा, जबकि ईस्ट बंगाल ने जवाबी हमलों से अवसर बनाने की कोशिश की। दोनों टीमों की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण मध्यांतर तक कोई गोल नहीं हो सका।

मुकाबले के अंतिम 15 मिनट में ईस्ट बंगाल ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया। मोहम्मद राशिद का तेज वॉली शॉट दीपक तांगरी ने शानदार स्लाइडिंग ब्लॉक से रोक दिया। 87वें मिनट में पी. वी. विष्णु के क्रॉस पर दानी रामिरेज का स्पर्श गोलपोस्ट के बाहरी हिस्से से टकराकर बाहर चला गया।

इंजुरी समय के दूसरे मिनट में विशाल कैथ ने मैच का सर्वश्रेष्ठ बचाव किया। रामिरेज के क्रॉस पर मोहम्मद राशिद ने बेहद नजदीक से हेडर लगाया, लेकिन कैथ ने दाईं ओर शानदार छलांग लगाकर गेंद को रोकते हुए मोहन बागान की जीत सुनिश्चित कर दी।

अब डूरंड कप का अगला मुकाबला रविवार को रांची में खेला जाएगा, जहां ग्रुप-सी के मैच में जमशेदपुर एफसी का सामना गत विजेता नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी से होगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags