
ओम्स्क (रूस), 25 जुलाई (हि.स.)। कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने संघर्ष को रोकने और शांति की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि लगातार हो रही जनहानि चिंता का विषय है।
रूस के साइबेरिया स्थित ओम्स्क में आयोजित रूस-कजाकिस्तान शिखर बैठक के दौरान तोकायेव ने कहा कि मौजूदा हालात से बाहर निकलने का आसान रास्ता किसी के पास नहीं है, क्योंकि दोनों पक्ष अपनी-अपनी स्थितियों पर कायम हैं। हालांकि, उन्होंने सुझाव दिया कि संघर्ष को फिलहाल रोककर (फ्रीज कर) आगे शांति प्रक्रिया की संभावनाओं पर काम किया जा सकता है।
तोकायेव ने कहा, यह दुखद है कि युवा लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। यह सब अब रुकना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी व्यक्तिगत राय इसलिए सार्वजनिक रूप से रखी क्योंकि लोगों को पहले से पता था कि वह ओम्स्क की यात्रा पर आने वाले हैं।
कजाकिस्तान के राष्ट्रपति ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध की पृष्ठभूमि और कारणों को समझना कई देशों के लिए अब भी कठिन है। उन्होंने सुझाव दिया कि वर्ष 2022 में इस्तांबुल में हुई वार्ताओं के आधार पर बातचीत को आगे बढ़ाया जाए, जिससे लंबे समय से प्रतीक्षित शांति का मार्ग प्रशस्त हो सके।
बैठक के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने तोकायेव से कहा कि वह दोनों देशों के बीच वार्ता में युद्ध से जुड़े घटनाक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। हालांकि, उन्होंने संघर्ष विराम के सुझाव पर सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय