नेपाल सरकार ने विवादित नक्शे वाले एक रुपये के सिक्के का डिजाइन तैयार किया

युगवार्ता    25-Jul-2026
Total Views |
नेपाल का नया एक रुपए का सिक्का


काठमांडू, 25 जुलाई (हि.स.)। नेपाल सरकार ने एक रुपये के नए सिक्के का डिजाइन तैयार कर लिया है। इस सिक्के पर नेपाल का नया विवादित राजनीतिक नक्शा अंकित किया गया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, सिक्के के नए डिजाइन में देश के पूर्ण राजनीतिक नक्शे के साथ-साथ आकाश भैरव की तस्वीर को भी शामिल किया गया है। इस प्रस्तावित डिज़ाइन को लागू करने से पहले स्वीकृति के लिए आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत करने की तैयारियां चल रही हैं।

सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीकों को दर्शाने के लिए यह नया सिक्का जारी करना है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद सिक्के की ढलाई और इसे चलन में लाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इसके पहले नेपाली मीडिया ने खबर दी थी कि नेपाल सरकार ने प्रस्तावित एक रुपये के सिक्के पर से विवादित नक्शे को हटा कर इसकी जगह लो ग्याकर मठ की तस्वीर को मंजूरी दी है, लेकिन आज आधिकारिक जानकारी में कहा गया है कि एक रुपये के नए सिक्के पर निवादित नक्शे को जगह दी गयी है।

इस विवादित नक्शे में लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया है। भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद है। नेपाल की केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार ने मई 2020 में यह विवादित नक्शा जारी किया था, जिसमें कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया था। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags