
ग्लासगो, 25 जुलाई (हि.स.)। भारत के स्टार मुक्केबाज सचिन सिवाच ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए शनिवार को पुरुष 60 किलोग्राम भार वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ-16) में प्रवेश कर लिया।
टॉप्स कोर समूह के खिलाड़ी सचिन ने कनाडा के केओमा अल-अहमादीह को 4-1 के विभाजित फैसले (स्प्लिट डिसीजन) से हराया।
मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अंतिम राउंड में कनाडाई मुक्केबाज ने जोरदार वापसी की और तीन जजों से 10 अंक हासिल किए, जबकि सचिन को दो जजों ने 10 अंक दिए।
हालांकि पूरे मुकाबले के आधार पर चार जजों ने 29-28, 30-27, 29-28 और 29-28 के स्कोर से सचिन को विजेता घोषित किया। वहीं, एक जज ने 29-28 के अंतर से कनाडाई मुक्केबाज के पक्ष में फैसला दिया।
इस जीत के साथ सचिन ने अंतिम-16 में जगह बना ली है, जहां उनका सामना इंग्लैंड के विलियम हेविट से होगा। यह मुकाबला 27 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 4:45 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले का विजेता क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगा।
विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल के स्वर्ण पदक विजेता सचिन से राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत को पदक की उम्मीदें हैं और उन्होंने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे