राष्ट्रमंडल खेल: भारोत्तोलक ऋषिकांता ने दिलाया भारत को दूसरा पदक

युगवार्ता    26-Jul-2026
Total Views |
ऋषिकांता सिंह


ग्लास्गो (स्कॉटलैंड), 26 जुलाई (हि.स.)। भारत के युवा भारोत्तोलक ऋषिकांता सिंह चानमबम ने रविवार को ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को रजत पदक अपने नाम किया।

मणिपुर के इस खिलाड़ी ने स्नैच में नया रिकॉर्ड बनाते हुए 121 किलोग्राम भार उठाया और कुल 264 किलोग्राम (121+143) वजन के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

यह ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का दूसरा पदक है। इससे पहले पैरा पावर लिफ्टिंग में झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों का खाता खोला था।

ऋषिकांता ने स्नैच में 121 किलोग्राम भार उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 143 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाया। स्वर्ण पदक की दौड़ में बने रहने के लिए दूसरे प्रयास में 148 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 151 किलोग्राम उठाने का प्रयास किया लेकिन दोनों बार असफल रहे। इसके बावजूद उनका कुल भार 264 किलोग्राम रहा, जिसने उन्हें रजत पदक दिलाया।

मलेशिया के बिन कसदान मोहम्मद अनीक ने स्नैच में 121 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 152 किलोग्राम सहित कुल 273 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने इस प्रदर्शन के साथ खेलों का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ऋषिकांता को बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने पर ऋषिकांता सिंह को हार्दिक बधाई। पूरे देश को आपकी इस उपलब्धि पर गर्व है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags