असम में बाढ़ के बीच पोबितोरा अभयारण्य में वयस्क गैंडे की मौत

युगवार्ता    27-Jul-2026
Total Views |
Rhino


मोरीगांव (असम), 27 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ की स्थिति पहले की तुलना में कुछ बेहतर हुई है, लेकिन इसका असर अब भी वन्यजीवों पर पड़ रहा है। सोमवार सुबह पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य के तमुलीडोवा क्षेत्र में एक वयस्क एक-सींग वाले गैंडे का शव बरामद किया गया।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, गैंडे की मौत शिकारियों के हमले से नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों अथवा बाढ़ के तेज पानी से लंबे समय तक जूझने के कारण कमजोर पड़ जाने से उसकी मौत हुई।

मृत गैंडे का सींग पूरी तरह सुरक्षित अवस्था में बरामद किया गया है। पोबितोरा के वन परिक्षेत्र अधिकारी उज्ज्वल चौधरी ने पुष्टि की कि सींग को वन विभाग ने सुरक्षित अपने कब्जे में रख लिया है। गैंडे की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

उधर, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने अभयारण्य में वन्यजीवों की सुरक्षा और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags