संघ-भाजपा की समन्वय बैठक में संगठन-सरकार के बीच तालमेल पर जोर

युगवार्ता    27-Jul-2026
Total Views |
बीएल संतोष फाइल चित्र।


देहरादून, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सोमवार को यहां हुई समन्वय बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन एवं सरकार के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि बैठक में संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया। दोनों नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और सशक्त करने तथा सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। सरकार और संगठन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय के जरिए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। इसके अलावा आगामी दिनों में प्रस्तावित राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।बैठक में संघ के पश्चिमी उत्तरप्रदेश क्षेत्र के प्रचारक महेंद्र, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा की सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित भाजपा और संघ के विभिन्न प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी बैठक में माैजूद रहे।सूत्रों ने बताया कि बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों के विस्तार और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags