अभिनेता सुनील आनंद का निधन

युगवार्ता    28-Jul-2026
Total Views |
सुनील आनंद - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 28 जुलाई (हि.स.)। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता देव आनंद के बेटे और अभिनेता-निर्देशक सुनील आनंद का 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद लंदन के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

बताया जा रहा है कि यही वह अस्पताल है, जहां उनके पिता देव आनंद का भी निधन हुआ था। परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की है। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर है, जबकि सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है।

सुनील आनंद की भतीजी जीना नारंग ने परिवार की ओर से जारी बयान में कहा कि इस कठिन समय में मिले प्यार, संवेदनाओं और प्रार्थनाओं के लिए परिवार सभी का आभारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवार की निजता का सम्मान करें, ताकि वे इस दुख की घड़ी से एकजुट होकर गुजर सकें। परिवार ने सभी शुभचिंतकों के समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।

सुनील आनंद, देव आनंद और कल्पना कार्तिक के इकलौते बेटे थे। उन्होंने वर्ष 1984 में अपने पिता के निर्देशन में बनी फिल्म 'आनंद और आनंद' से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद वह 'मैं तेरे लिए' और 'कार थीफ' जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, उन्हें अपने पिता जैसी सफलता नहीं मिली। बाद में उन्होंने अभिनय से दूरी बनाकर पारिवारिक बैनर नवकेतन फिल्म्स की जिम्मेदारी संभाली और अपने पिता की सिनेमाई विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags