
पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन द्वारा खाली की गई पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। अब 30 जुलाई को मतदान होगा। प्रचार के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी प्रमुख घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर गठबंधन की एकजुटता का प्रदर्शन किया और राजग प्रत्याशी नीरज कुमार की भारी मतों से जीत का दावा किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान क्षेत्र की जनता से मिले व्यापक समर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर राजग के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में आयोजित रोड शो, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में मतदाताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि नीरज कुमार बड़े मतांतर से विजयी होंगे।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं बांकीपुर के मतदाताओं से बिहार में विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए राजग प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजग के सभी सहयोगी दल पूरी मजबूती और चट्टानी एकता के साथ चुनाव मैदान में हैं। पटना और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बीते वर्षों में हुए विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास राजग सरकार और उसके प्रत्याशी पर कायम है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता चुनावी प्रबंधन के सहारे माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके इरादों को अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी उम्मीदवार पांच हजार वोटों के भीतर सिमट जाएंगे। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से नितिन नवीन का वर्षों पुराना आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहा है तथा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित राजग के सभी शीर्ष नेता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं, जिससे राजग की स्थिति और मजबूत हुई है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा और राजग का मजबूत गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ता कद बिहार के लिए गौरव का विषय है। पार्टी ने एक साधारण और संघर्षशील कार्यकर्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाकर संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार इस बार नितिन नवीन की पिछली जीत के रिकॉर्ड से भी अधिक मतों के अंतर से विजय हासिल करेंगे।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले के पटना और वर्तमान आधुनिक पटना की तस्वीर में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव सहित राजधानी में हुए आधारभूत संरचना के विकास कार्य राजग सरकार की उपलब्धियां हैं। उन्होंने विपक्ष के उन नेताओं पर भी कटाक्ष किया, जो चुनाव के अंतिम चरण में अचानक सक्रिय हो जाते हैं। आलोक सिंह ने कहा कि जनता विकास, सुरक्षा और स्थिर शासन के पक्ष में मतदान करेगी तथा बांकीपुर के मतदाता पूरे उत्साह के साथ राजग प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए तैयार हैं।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में राजग नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है और सभी सहयोगी दल एकजुट होकर प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहे हैं। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदान के दिन अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने की अपील भी की।
उल्लेखनीय है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाद में कराई जाएगी। चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही अब प्रत्याशियों का ध्यान मतदाताओं से अंतिम संपर्क और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर केंद्रित हो गया है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी