'खोसला का घोसला 2' में दिव्या खोसला की एंट्री

युगवार्ता    28-Jul-2026
Total Views |
दिव्या खोसला - फोटो सोर्स एक्स


साल 2006 की चर्चित फिल्म 'खोसला का घोसला' के सीक्वल 'खोसला का घोसला 2' में अभिनेत्री दिव्या खोसला की आधिकारिक एंट्री हो गई है। टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में एक बार फिर खोसला परिवार की मजेदार कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। हाल के वर्षों में 'सावी' और 'एक चतुर नार' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से चर्चा बटोर चुकी दिव्या अब इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आएंगी।

फिल्म में पहले भाग के कई प्रमुख कलाकार अपनी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं। इनमें अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा शामिल हैं। वहीं, दिव्या खोसला के अलावा रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल भी नई कास्ट के रूप में फिल्म से जुड़े हैं। निर्माताओं का कहना है कि नए कलाकारों की मौजूदगी फिल्म की कहानी में नया रंग और ताजगी लेकर आएगी।

फिल्म की निर्माता सविता राज हिरेमठ ने कहा कि दिव्या खोसला और रवि किशन ने अपनी भूमिकाओं से पूरी टीम को प्रभावित किया है। उन्होंने बताया कि दोनों कलाकार अलग-अलग तरह की फिल्मों में शानदार अभिनय कर चुके हैं और उन्हें विश्वास है कि दर्शक भी उनकी परफॉर्मेंस को पसंद करेंगे। उन्होंने नई टीम में शामिल सभी कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा कि फिल्म को लेकर पूरी टीम उत्साहित है और दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही है।

निर्माताओं के अनुसार, 'खोसला का घोसला 2' में पहले भाग की तरह परिवार, रिश्तों, हास्य और हलचल का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमठ और राज हिरेमठ कर रहे हैं। हालांकि फिल्म की रिलीज तारीख का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags