जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम घोषित

युगवार्ता    28-Jul-2026
Total Views |
टीम में चयनित खिलाडियों, कोच सहित अन्य की तस्वीर


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम में मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा तथा उपाध्यक्ष अशोक भगत ने उन खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। जो तमिलनाडु के कोयंबटूर में 28 जुलाई से लेकर आठ अगस्त 2026 तक आयोजित होनेवाली 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप-2026 के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम में शामिल हैं।

झारखंड जूनियर पुरुष टीम 2026 के 18 सदस्यीय टीम में अनमोल कोंगारी, गंगा टोपनो, टिंटस हेमरोम, पत्रस हस्सा, सुजीत केरकेट्टा, साबियन किरो, साइमन डोडराय, प्रिंस साहू, अमन टिग्गा, रोहित तिर्की, घुरन लोहरा, ग्लेडशन भेंगरा, जोलेन टोपनो, निकोलस टोपनो, अंकित एक्का, विजय भोई, असिम एक्का, अंकित बरवार के नाम शामिल हैं। वहीं सपोर्ट स्टाफ के रूप में टीम कोच विकास जोशी, टीम मैनेजर सुमित बाथम, टीम फिजियो साइकत भट्टाचार्य, वीडियो एनालिस्ट सत्यजीत दाभी के नाम शामिल हैं। बताया गया कि टीम का चयन चरणबद्ध ट्रायल और प्रशिक्षण शिविर के आधार पर किया गया।

उन्हाेंने बताया कि विगत 22 जून 2026 को आयोजित ओपन ट्रायल से 42 खिलाड़ियों का चयन हुआ था। इसके बाद 15 से 19 जुलाई तक चले विशेष प्रशिक्षण शिविर के आधार पर 23 खिलाड़ियों को चुना गया। अंतिम चरण के प्रशिक्षण शिविर के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए टीम में जगह मिली।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी असरिता लकड़ा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी हुई है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, यात्रा व खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि खिलाड़ियों को राज्य के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करना चाहिए। टीम के कोच विकास जोशी, मैनेजर सुमित बाथम, फिजियो साइकत भट्टाचार्य और वीडियो एनालिस्ट सत्यजीत दाभी होंगे। झारखंड का पहला लीग मैच दो अगस्त 2026 को पंजाब और दूसरा मैच तीन अगस्त 2026 को दिल्ली के खिलाफ खेला जाएगा। मौके पर हॉकी प्रदेश अध्यक्ष भोलानाथ सिंह सहित खेल विभाग और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Tags