अमेरिका के फ्लोरिडा में मंगलवार को दो कैदियों को दी जाएगी मौत की सजा

युगवार्ता    28-Jul-2026
Total Views |
कैदी जेम्स डकेट (बाएं) और डोमिनिक ओचिओकोन।  फोटो - इंटरनेट मीडिया


वाशिंगटन, 28 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत में मौत की सजा पाए दो कैदियों को मंगलवार को कुछ घंटों के अंतराल पर फांसी दी जानी है। छह दशक से ज्यादा समय में यह पहली बार होगा जब एक ही दिन में दो लोगों की जीवनलीला समाप्त होगी। जेम्स डकेट को मंगलवार दोपहर फांसी दी जानी है। 1987 में 11 साल की टेरेसा मैकएबी की हत्या का दोषी पाए जाने के बाद डकेट ने मौत की सजा के इंतजार में तीन दशक से ज्यादा समय बिताया है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, कैथोलिक पादरी फादर डस्टिन फेडन एक दशक से ज्यादा समय से फ्लोरिडा में मौत की सजा पाए कैदियों से मिलते रहते हैं। वह कहते हैं, अब मुझे मौत के वारंट पर दस्तखत होने की संख्या से हैरानी नहीं होती। यह भयावह है। छह घंटे के अंदर दो लोगों को फांसी दी जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार फादर कुछ दिन से जेम्स डकेट की देखरेख कर रहे हैं।

बताया गया है कि डकेट की मौत के कुछ घंटों बाद डोमिनिक ओचिओकोन की मौत की सजा पर अमल किया जाएगा। 80 वर्षीय ओचिओकोन अमेरिका में मौत की सजा पाने वाले दूसरे उम्रदराज व्यक्ति होंगे। उन्हें 1987 में पूर्व प्रेमिका के माता-पिता रेमंड और मार्था आर्ट्जनर की हत्या के मामले में में दोषी ठहराया गया था। अधिकारियों ने बताया कि दोनों को जहरीला इंजेक्शन देकर फांसी देने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है।

फ्लोरिडा में 2025 में मौत की सजा पाए 19 कैदियों को फांसी दी जा चुकी है।इस साल अब तक 10 कैदियों को फांसी दी जा चुकी है। मौत की सजा का इंतजार कर रहे डकेट और ओचिओन को जूरी दोषी ठहरा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags