
काठमांडू, 29 जुलाई (हि.स.)। सुनसरी के देवानगंज गांवपालिका में पुलिस की गोली लगने से एक युवक की मृत्यु की घटना के विरोध में आज कई जिलों में बंद का आह्वान किया गया है। इसके अलावा पूर्व पश्चिम राजमार्ग और हुलाकी राजमार्ग अवरुद्ध है।
सन्प्तसरी के बगल में सप्तरी जिले के मुख्यालय राजविराज को बंद कर दिया गया है। इसी विरोध के तहत हनुमाननगर बाजार भी बंद रहा। तिरहुत गांवपालिका डिमन में हुलाकी सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर उग्र प्रदर्शन किया जा रहा है। इससे पूर्व कंचनरूप नगरपालिका के सिमरा चौक पर युवाओं ने टायर जलाकर पूर्व-पश्चिम राजमार्ग चक्काजाम (आवागमन बाधित) किया है। इसी तरह पूर्व पश्चिम राजमार्ग पिछले दो दिनों से अवरुद्ध है।
प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, घायलों का मुफ्त इलाज एवं क्षतिपूर्ति, तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच, देवानगंज में लागू कर्फ्यू का असर पड़ोसी जिले सप्तरी में भी दिखाई देने लगा है। व्यवसायियों के अनुसार, पूर्व दिशा से होने वाले सामानों का परिवहन प्रभावित होने के कारण रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
सप्तरी के मुख्य जिला अधिकारी श्यामकृष्ण थापा की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सोमवार को दो सूत्रीय सहमति बनी थी। हालांकि, इस सहमति के विपरीत जिले में प्रदर्शन जारी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था के समक्ष अतिरिक्त चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
गौरतलब है कि रविवार रात सुनसरी के देवानगंज में दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। उस झड़प को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस की फायरिंग से एक युवक की मौत हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास