
नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्रालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति प्रो. योगेश सिंह पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कुलपति के तौर पर फिर से नियुक्त किया है।
शिक्षा मंत्रालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की पुनर्नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वविद्यालय की विजिटर के रूप में अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्रो. सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय का कुलपति दूसरी बार नियुक्त किया है।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रो. योगेश सिंह का दूसरा कार्यकाल आठ अक्टूबर से प्रभावी होगा। उनका नया कार्यकाल पांच वर्षों का होगा।
शिक्षा मंत्रालय की ओर से दिल्ली विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कुलपति के रूप में प्रो. योगेश सिंह की सेवा की शर्तें विश्वविद्यालय अधिनियम, विधियों और अध्यादेशों के अनुसार होंगी।
प्रो. योगेश सिंह वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति हैं और अब उन्हें लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। शिक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार