ईरान के न्यूक्लियर सुविधा केंद्रों में संवर्धित यूरेनियम का स्टॉक मौजूद : ग्रोसी

युगवार्ता    03-Jul-2026
Total Views |
सांकेतिक


मॉस्को, 03 जुलाई (हि.स./रिया नोवोस्ती)। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का मानना है कि ईरान के न्यूक्लियर सुविधा केंद्रों में अभी भी संवर्धित यूरेनियम का स्टॉक मौजूद है। आईएईए के महानिदेशक राफेल ग्रोसी ने रिया नोवोस्ती को यह जानकारी दी।

ग्रोसी ने कहा, आम तौर पर यही माना जा रहा है कि वह मटीरियल अभी भी वहीं है। बेशक, हमारी नज़र से देखें तो इसकी पुष्टि करने के लिए हमें वापस जाकर जांच-पड़ताल करनी होगी और देखना होगा कि सब कुछ वहां मौजूद है या नहीं। हमने अभी ऐसा नहीं किया है, लेकिन इस बात की काफी संभावना है कि वह मटीरियल अभी भी वहीं है।

उन्होंने बताया कि आईएईए की यह जानकारी एजेंसी के हालिया नियमित जांच पर आधारित है, जो पिछली गर्मियों में हुई तथाकथित 12-दिन की लड़ाई से पहले किया गया था।

ग्रोसी ने कहा, हमें ठीक-ठीक पता है कि वह मटीरियल कहां था और कितनी मात्रा में था। उसके बाद से, हम बाकी लोगों की तरह ही सैटेलाइट इमेज और इसी तरह के तरीकों से उस जगह पर नज़र रखे हुए हैं। हमें कोई बड़ी हलचल नहीं दिखी है, सिवाय इसके कि उन जगहों को काफी नुकसान पहुंचा था। उनमें से कुछ जगहों के प्रवेश द्वार को ढक दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags