सरकार ने इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण कंटेंट को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों पर मेटा को किया तलब

युगवार्ता    03-Jul-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। केन्द्र सरकार ने इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण सामग्री को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों को लेकर मेटा को तलब किया है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने मंत्रालय के अधिकारियों को ऐसा करने के निर्देश दिए थे।

सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस गंभीर मामले में मेटा से जवाब तलब करें और यह स्पष्ट करें कि ऐसे विज्ञापन प्लेटफॉर्म पर कैसे प्रसारित हुए। मंत्रालय इस पूरे मामले में कंपनी से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगेगा।

एक मीडिया जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंस्टाग्राम पर रेप वीडियो और चाइल्ड वीडियो जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर भुगतान किए गए विज्ञापन चलाए जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, इन विज्ञापनों के जरिए उपयोगकर्ताओं को ऐसे टेलीग्राम चैनलों तक पहुंचाया जा रहा था, जहां कथित तौर पर बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) 99 रुपये जैसी कम कीमत पर बेची जा रही थी।

फिलहाल मेटा की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags