
काठमांडू, 03 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सिरहा जिले में पुलिस ने भारतीय मादक पदार्थ कारोबारी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार भारत के मधुबनी निवासी 35 वर्षीय अब्दुल कलाम लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ कारोबार में संलिप्त होने के संदेह में निगरानी में था। सिरहा पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने जब उसे रोकने और गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो उसने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस को गोली चलानी पड़ी। पुलिस की एक राउंड गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान अब्दुल कलाम के पास से एक कटुवा पिस्तौल, 2 राउंड जिंदा गोलियां और करीब 115 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वह नेपाल-भारत सीमा का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क, संपर्कों और संभावित सहयोगियों के बारे में विस्तृत जांच कर रही हैं।घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास