नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों- बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया है। इनमें सबसे कम मतदान मांजलपुर उपचुनाव में शाम छह बजे तक 39.5 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
बिहार में राजधानी पटना की सबसे हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे सम्पन्न हुआ। उपचुनाव में 34.16 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि मतदान के दौरान विवेकानंद मार्ग स्थित विकास रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल बूथ नंबर 19, 20 समेत चार बूथों पर भाजपा और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखा गया।
बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 422 मतदान केंद्र बनाए थे। उपचुनाव में 25 उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम में बंद हो गई है। प्रमुख उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज कुमार सिन्हा, जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता (राजद) की रेखा गुप्ता शामिल हैं। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम प्रबंध किए गए थे। उपचुनाव के मतों की गिनती 03 अगस्त को की जाएगी, जिसके बार परिणाम सामने आ जाएगा। दिन बढ़ने के साथ मतदान के प्रतिशत में वृद्धि हुई। हालांकि, मतदाताओं में ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिला और बेहद सुस्त वोटिंग हुई।
दतिया (मध्य प्रदेश) उप चुनावः दतिया जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार दतिया विधानसभा उप निर्वाचन में कुल दो लाख 20 हजार 410 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 71.44 प्रतिशत रहा। विधानसभा क्षेत्र में कुल एक लाख 16 हजार 116 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 74.09 रहा, जबकि एक लाख चार हजार 284 महिला मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 68.48 रहा तथा 10 अन्य मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 40 प्रतिशत रहा।
गुजरात की वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शाम छह बजे तक 39.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अपेक्षाकृत कम मतदान ने भाजपा और कांग्रेस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
मांजलपुर विधानसभा सीट वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। तब से इस सीट पर लगातार भारतीय जनता पार्टी का कब्जा रहा है। पिछले तीन चुनावों में भाजपा के योगेश पटेल ने जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने शहर के दूसरे हिस्से में रहने वाले सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने इसी विधानसभा क्षेत्र के निवासी और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर भरोसा जताया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा