शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच सपाट कारोबार, सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट

युगवार्ता    30-Jul-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान सपाट स्तर पर कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी सपाट स्तर पर ही हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.05 प्रतिशत और निफ्टी 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से विप्रो, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ओएनजीसी और टीसीएस के शेयर 3.09 प्रतिशत से लेकर 1.53 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, जियो फाइनेंशियल और एशियन पेंट्स के शेयर 2.70 प्रतिशत से लेकर 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,754 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,103 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,651 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 19 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 15.74 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,638.86 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स उछल कर हरे निशान में 77,737.22 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने लाल निशान में 77,440.91 अंक तक गोता भी लगा दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 39.94 अंक टूट कर 77,614.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 0.65 अंक की सांकेतिक गिरावट के साथ 24,249.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक की चाल में उतार चढ़ाव होने लगा। लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी उछल कर हरे निशान में 24,287.25 अंक तक पहुंच गया। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक लाल निशान में 24,187.10 अंक तक गिर भी गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 8.60 अंक लुढ़क कर 24,241.60 के स्तर पर बंद हुआ।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,654.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,250.20 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags