मॉस्को, 30 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन ने रूस के प्रमुख ऑनलाइन रिटेल प्लेटफॉर्म वाइल्डबेरीज के दो और लॉजिस्टिक गोदामों को ड्रोन हमलों में निशाना बनाया। हमलों के बाद दोनों परिसरों में आग लग गई, जबकि एक व्यक्ति के घायल होने और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की जानकारी सामने आई है।
रूसी अधिकारियों के अनुसार पश्चिमी रूस के पेंज़ा क्षेत्र स्थित कंपनी के एक गोदाम पर हुए हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ और एहतियात के तौर पर लगभग 200 लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं, उदमुर्तिया क्षेत्र के सारापुल स्थित लॉजिस्टिक केंद्र में भी ड्रोन हमले के बाद आग लगने की पुष्टि हुई है।
वाइल्डबेरीज ने बताया कि कर्मचारियों को पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कंपनी ने कहा कि प्रभावित केंद्रों से होने वाली डिलीवरी को अन्य लॉजिस्टिक सुविधाओं के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, ताकि ग्राहकों पर असर कम से कम पड़े।
हाल के दिनों में यूक्रेन ने रूस के भीतर स्थित कई रणनीतिक और आर्थिक ठिकानों पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले किए हैं। यूक्रेन का कहना है कि ऐसे हमलों का उद्देश्य रूस की युद्ध संबंधी क्षमता और आपूर्ति तंत्र पर दबाव बनाना है, जबकि रूस इन हमलों को नागरिक और आर्थिक ढांचे पर हमला करार देता है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय